भारत के एयर डिफ़ेंस सिस्टम एस 400 को भारतीय सेना ‘सुदर्शन चक्र’ के नाम से संबोधित करती है.
भारत का एयर डिफ़ेंस सिस्टम अपनी कई परतों और सिस्टम में विविधता के लिए जाना जाता है. इसमें रूसी, इसराइली और स्वदेशी तकनीकों का मिश्रण है, जो इसे इसके पड़ोसी देशों की तुलना में अधिक प्रभावी बनाता है.
साल 2018 में भारत ने रूस से पांच एस-400 मिसाइल सिस्टम ख़रीदने के सौदे पर हामी भरी थी.
इसकी तुलना अमेरिका के बेहतरीन पैट्रिअट मिसाइल एयर डिफ़ेंस सिस्टम से होती है. भारत और रूस के बीच ये सौदा 5.43 अरब डॉलर में हुआ था.
एस-400 मोबाइल सिस्टम है यानी सड़क के ज़रिए इसे लाया-ले जाया सकता है. इसके बारे में कहा जाता है कि आदेश मिलते ही पांच से 10 मिनट के भीतर इसे तैनात किया जा सकता है.
संजीव श्रीवास्तव कहते हैं कि एस-400 को मौजूदा समय में दुनिया का सबसे बेहतरीन एयर डिफ़ेंस सिस्टम कहा जा सकता है.
वो कहते हैं, “इसकी रेंज 400 किलोमीटर तक होती है. इसका रूस ने यूक्रेन के ख़िलाफ़ इस्तेमाल किया है जो काफ़ी कामयाब रहा है. इसे भारत ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ हाल के संघर्ष में इस्तेमाल किया, जो काफ़ी सफल रहा.”